श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बर्फबारी जानलेवा साबित होती जा रही है। कुपवाड़ा के माछिल सेक्टर में हिमस्खलन के कारण 3 जवान शहीद हो गए हैं, वहीं एक जवान अभी भी लापता बताया जा रहा है। घाटी में हिमस्खलन की चपेट में आने से 5 लोगों के भी मारे जाने की सूचना है। सेना के सूत्रों के मुताबिक रामपुर और गुरेज सेक्टर में हिमस्खलन की कई घटनाओं की सूचना है।
सेना के सूत्रों ने बताया कि पिछले 48 घंटों में हुई भारी बर्फबारी के कारण, उत्तरी कश्मीर में कई जगह हिमस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें 3 सैनिकों की मौत हो गई है जबकि एक अभी भी लापता है। सेना के सूत्रों के मुताबिक, हिमस्खलन में फंसे कई जवानों को बचा लिया गया है।