Report By :Tahir Ali
नई दिल्ली (ब्यूरो)। नेपाल की ख्याति प्राप्त संस्था शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउन्डेशन नेपाल द्वारा आयोजित ऐतिहासिक महत्व के गौरवशाली विश्व प्रतिभा अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोह में वरिष्ठ लेखक एवं कवि नागेन्द्र त्रिपाठी को उनके द्वारा किए गए साहित्यिक योगदान के लिए विश्व प्रतिभा अंतरराष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया । बहुमुखी प्रतिभा के धनी श्री त्रिपाठी की सैकड़ों रचनाएं देश विदेश की विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित होने के साथ ही इन्हें सैकड़ों प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं।
समारोह का आयोजन भगवान बुद्ध की भूमि लुंबिनी (नेपाल) में किया गया था। समारोह के अध्यक्ष आनन्द गिरि, प्रमुख अतिथि नेपाल सरकार लुंबिनी के कृषि तथा भूमि व्यवस्था मंत्रालय के मंत्री भंडारी लाल आहीर तथा विशिष्ट अतिथि नेपाल सरकार लुंबिनी के वन तथा वातावरण मंत्रालय के मंत्री बादशाह कुर्मी, विशिष्ट अतिथि प्रधानमंत्री मोदी के सहकर्मी डॉ जसभाई पटेल, विशेष अतिथि कमल सिंह बैद ने नागेन्द्र त्रिपाठी को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो, मैडल, अंग वस्त्र, रुद्राक्ष माला तथा नेपाली टोपी पहना कर सम्मानित किया है।
समारोह के समापन मंतव्य में संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मायालु ने कहा - " वरिष्ठ साहित्यकार नागेंद्र त्रिपाठी मात्र भारत के ही नहीं बल्कि विश्व के जाने माने साहित्यकारों में से एक हैं जिन्होंने लगभग एक दर्जन से अधिक पुस्तक लिखकर अध्यात्म तथा साहित्य जगत में इतिहास रचने का कार्य किया है। उनके द्वारा लिखित पुस्तक "जीवन के पथरीले पथ पर"जनमानस में विशेष तौर पर चर्चा के केंद्र में रही।उनकी एक और पुस्तक "कबिरा की काशी" ने लोगों के जेहन में एक विशेष स्थान बनाया है।उनका नाम दो बार इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड तथा एक बार हार्वर्ड बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड लंदन में भी दर्ज हो चुका है । संस्था आज उन्हें सम्मानित कर गौरवान्वित महसूस कर रही है।"